FAQ     |    About us   |   Channels   |   Feedback 

  GREHSAHELI  

HOME                 PRODUCTS                 SERVICES                 RESELLER                 PROMOTION                 CONTACT

     
   स्वास्थ्य
    डायटिंग प्रभावी है या व्यायाम
  वज़न कम करना चाहने वाले लोग प्रायः कई तरफ हाथ पांव मारते हैं परन्तु प्रायः यह फैसला करना मुश्किल हो जाता है कि वज़न कम करने के लिए 'भोजन कंट्रोल' अधिक प्रभावी है या व्यायाम।    
     
कई लोग लगातार व्यायाम के पश्चात्‌ भी पाते हैं कि उनके वज़न में प्रभावशाली कमी नहीं हो पाई जबकि कई बार डाइटिंग द्वारा वज़न कम करने के कुछ समय पश्चात्‌ वज़न न केवल अपने पुराने स्तर पर वापिस पहुंच जाता है बल्कि कई बार वज़न बढ़ भी जाता है।
यूूं हर व्यक्ति का अनुभव अलग अलग होता है। किसी को डाइट कंट्रोल द्वारा वज़न कम करना आसान लगता है तो किसी को व्यायाम ही रूचिकर लगता है। शोधकर्त्ताओं के अनुसार वज़न कम करने और कम रखने के लिए इन दोनों को अपनाना आवश्यक है। भोजन कंट्रोल किए बिना केवल व्यायाम करने से शरीर तो कम हो सकता है किंतु शारीरिक भार में कमी पाना कठिन है।
एक अनुमान के अनुसार यदि आप नियमित रूप से एक द्घंटा नित्य दौड़ लगाएं तो आप एक सप्ताह में आधा किलो वज़न कम कर सकते हैं जबकि भोजन नियंत्रण द्वारा इतना वज़न कम करना अपेक्षाकृत अधिक आसान है। अपने दैनिक भोजन में ५०० कैलोरी नित्य कम करने से ही आप इतना वज़न कम कर सकते हैं।
वैसे शोधकर्त्ताओं के अनुसार अधिकतर लोग इन दोनों की तरफ ध्यान नहीं दे पाते। वे या तो डाइट कंट्रोल कर पाते हैं या व्यायाम की ओर ध्यान दे पाते हैं पर केवल 'भोजन कंट्रोल' द्वारा वज़न कम करने वाले लोग चर्बी के साथ अपने शरीर की मांसपेशियां भी कम कर लेते हैं जिससे शरीर में काफी कमजोरी आ जाती है। यूं भी यदि आप अधिक भार को सदा के लिए अपने से दूर रखना चाहते हैं तो आपको व्यायाम का सहारा लेना ही पड़ेगा।
इस विषय पर एक अध्ययन में पहले समूह को कम कैलोरी वाला भोजन दिया गया जबकि दूसरे समूह को सप्ताह में तीन बार लंबी और तेज़ सैर करने को कहा गया। तीसरे समूह को कम कैलोरी वाला भोजन भी दिया गया और सैर करने को भी कहा गया।
एक वर्ष के पश्चात पाया गया कि प्रथम समूह के लोगों का वज़न ८ किलो कम पाया गया, दूसरे समूह के लोगों का वज़न २ किलो कम पाया गया जबकि तीसरे समूह के लोगों का वज़न १० किलो कम हुआ था। इसके पश्चात्‌ उनको छोड़ दिया गया लेकिन दूसरे वर्ष के अन्त में उनकी फिर जांच की गई। इस बार पाया गया कि पहले समूह के लोगों का वज़न उनके आरंभिक वज़न से भी अधिक बढ़ चुका था जबकि शेष समूहों के लोगों का वज़न उनके आरम्भिक वज़न से २ किलो कम था।
इससे अध्ययनकर्त्ताओं ने यह परिणाम निकाला कि लम्बे समय तक भोजन कंट्रोल को कोई भी पसंद नहीं कर सकता किंतु कुछ लोगों को शारीरिक सक्रियता और व्यायाम से जुड़ाव पैदा हो जाता है और वे अपना वज़न कम बनाए रख सकते हैं। उनके अनुसार वज़न कम करने के लिए भोजन पर कंट्रोल बहुत आवश्यक है किंतु उसे कम बनाए रखने के लिए नियमित व्यायाम या शारीरिक सक्रियता उससे भी अधिक आवश्यक है।
भोजन कंट्रोल करते समय भोजन कम न करें बल्कि अपने भोजन में संतृप्त वसा और शर्करा को निकाल दें और उसके स्थान पर अधिक फल, सब्जियों, अंकुरित दालों और अनाज का सेवन अधिक करें। इसके साथ ही सैर, साईकिल चलाना, तैराकी या टेबल टेनिस जैसा कोई भी व्यायाम नियमित करते रहें। फिर आप अपने शरीर और व्यक्तित्व में आया हुआ परिवर्तन देखेंगे तो स्तब्ध रह जायेंगे।
                                                                                             -अशोक गुप्ता
 
 

 

 

     
     
 
 
 

About us    |    Channels    |    Product    |    Advertise with us    |    Privecy & Policy    |    Services